नीमच। जिले के ठिकरिया डेम क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के कथित अपहरण का मामला सामने आया है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। बालिका के पिता ने मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, 20 अप्रैल की रात लगभग 11 बजे जोरावरपुरा निवासी पिंटू नामक युवक पर नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद पीड़ित पिता खुमानसिंह बंजारा ने थाना नीमच सिटी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी।
10 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग-
परिजनों का आरोप है कि घटना के 10 दिन बीत जाने के बाद भी बालिका का कोई सुराग नहीं लग पाया है। इस बीच मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब आरोपियों द्वारा बालिका को वापस करने के बदले 5 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने का आरोप सामने आया।
धमकी देने का भी आरोप-
पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों द्वारा न केवल फिरौती की मांग की गई, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही हैं। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि डराने-धमकाने के उद्देश्य से आरोपियों ने अपने ही घर में आग लगाकर झोपड़ी जलाने जैसी घटना को अंजाम दिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
अनहोनी की आशंका-
परिवार ने मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताते हुए बालिका की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बालिका को जल्द से जल्द सुरक्षित बरामद किया जाए तथा परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।