नीमच। इनरव्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड द्वारा सेवा, शिक्षा एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए दो विद्यालयों को “हैप्पी स्कूल” की सौगात प्रदान की गई। साथ ही शासकीय सांदीपनि कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच कैंट में छात्राओं एवं शिक्षकों के लिए विभिन्न विषयों पर जागरूकता सेमिनार आयोजित किए गए।
दो विद्यालयों को मिली सुविधाएं-
क्लब द्वारा शासकीय प्राथमिक विद्यालय खड़ावदा एवं शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2 को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर “हैप्पी स्कूल” के रूप में विकसित किया गया। इस पहल से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध होगा।
छात्राओं के लिए जागरूकता सेमिनार-
शासकीय सांदीपनि कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच कैंट में साइबर क्राइम जागरूकता, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता एवं प्लास्टिक मुक्त अभियान विषयों पर विशेष सेमिनार आयोजित किए गए। कार्यक्रम में विद्यालय की लगभग 200 छात्राओं एवं शिक्षकों ने सहभागिता की।
विशेषज्ञों ने दी उपयोगी जानकारी-
साइबर सेल विशेषज्ञ कुलदीप सिंह एवं प्रदीप शिंदे ने छात्राओं को साइबर क्राइम, ऑनलाइन फ्रॉड, सोशल मीडिया सुरक्षा तथा डिजिटल सतर्कता के उपाय बताए। वहीं डॉ. मनीष यादव एवं विजय बड़ोने ने सर्वाइकल कैंसर के कारण, बचाव, टीकाकरण एवं समय पर जांच के महत्व की जानकारी दी। साथ ही प्लास्टिक थैलियों के स्थान पर कपड़े की थैलियों के उपयोग का संदेश देकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
मेधावी छात्रा का सम्मान-
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की कक्षा 10वीं की प्रतिभाशाली छात्रा प्रियांशी गणपत राठौर, निवासी तेलनखेड़ी का विशेष सम्मान किया गया। प्रियांशी ने बिना किसी कोचिंग के केवल विद्यालयीन अध्ययन के आधार पर 99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर राज्य स्तरीय मेरिट सूची में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। क्लब पदाधिकारियों ने छात्रा का सम्मान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ये रहे उपस्थित-
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष पूजा गर्ग, सचिव पायल गुर्जर, कोषाध्यक्ष दिव्या जैन, लक्ष्मी शर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से प्राचार्य किशोर सिंह जैन एवं समस्त स्टाफ का कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग रहा। प्राचार्य जैन ने इनरव्हील क्लब ऑफ नीमच डायमंड का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को समय की आवश्यकता बताया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अनिल शर्मा ने किया।