चित्तौड़गढ़। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सदर चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आई-20 कार में बनाई गई विशेष गुप्त स्कीम से 9 किलो 999 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त कर लिया है।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई कार-
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार जिले में मादक पदार्थों के भंडारण एवं परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी ब्रजेश सिंह एवं थानाधिकारी प्रेम सिंह के निकट पर्यवेक्षण में एसआई अमृतलाल के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। बुधवार को हाईवे रोड पर नाकाबंदी के दौरान उदयपुर से नीमच की ओर आ रही एक आई-20 कार को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। इस पर पुलिस ने बैरियर लगाकर कार को रोका।
कार में बनी गुप्त स्कीम से निकली अफीम-
वाहन चालक एवं उसके साथी की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में बनाई गई गुप्त स्कीम के भीतर से 9 प्लास्टिक थैलियां बरामद हुईं। जांच करने पर इनमें कुल 9 किलो 999 ग्राम अवैध अफीम पाई गई। पुलिस ने मौके पर अफीम एवं वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी-
पुलिस ने आरोपी नरेन्द्र कुमार पिता बालूराम पंवार (55), निवासी हनुमान मंदिर के पास पीपलियापंथ, थाना पीपलियामंडी जिला मंदसौर (म.प्र.) तथा उसके साथी राजू पोरवाल पिता देवीलाल (52), निवासी गली नंबर 1 महावीरगंज, थाना पीपलियामंडी जिला मंदसौर (म.प्र.) को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ जारी-
पुलिस द्वारा जब्त अफीम की खरीद-फरोख्त एवं तस्करी नेटवर्क के संबंध में आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम-
इस कार्रवाई में थानाधिकारी प्रेम सिंह, एसआई अमृतलाल, हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल डूंगर सिंह, भजनलाल, दीपक कुमार, पृथ्वीपाल सिंह, विजय एवं कुलदीप की सराहनीय भूमिका रही।
आमजन से अपील-
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।