सीतामऊ। थाना क्षेत्र के तीतरोद गांव से एक बालक लापता हो गया था, जो रास्ता भटककर महुवा गांव पहुंच गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए बालक से नाम-पता पूछने का प्रयास किया, लेकिन बालक बोलने में असमर्थ होने के कारण कोई जानकारी नहीं दे सका।
सूचना मिलने पर सीतामऊ थाना पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची। टीम में चालक अशोक सूर्यवंशी एवं आरक्षक अर्जुन माली शामिल थे। पुलिस बालक को सुरक्षित सीतामऊ थाने लेकर आई।
जांच में पता चला कि बालक गांव बनी का निवासी है तथा तीतरोद में अपने मामा के यहां रह रहा था। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को थाने बुलाकर बालक को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
सीतामऊ पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की क्षेत्रवासियों ने सराहना की है।