नीमच। शहर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सिटी थाना पुलिस ने बस को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान अहमद हुसैन उर्फ कालू पिता मोहम्मद उमर कुरैशी (60), निवासी जावद के रूप में हुई है। वह अपने कार्य से जावद से नीमच आ रहे थे। इसी दौरान फंटा और ग्वालटोली चौराहे के बीच मुख्य मार्ग पर पिनेकल स्कूल के सामने तेज रफ्तार सय्यद बस क्रमांक एमपी 14 एमएन 0446 ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में गंभीर रूप से घायल अहमद हुसैन को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बस चालक की तलाश शुरू कर दी है।