प्रतापगढ़। जिले की शैक्षिक व्यवस्था एवं विद्यालयों में उपलब्ध भौतिक व शैक्षणिक सुविधाओं की जानकारी लेने हेतु जिला कलेक्टर शुभम चौधरी ने विभिन्न राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया।
सबसे पहले कलेक्टर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मनोहरगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने स्टाफ की उपस्थिति, कक्षाओं में अध्यापन व्यवस्था, पुस्तकालय, रसोईघर की स्वच्छता, अनाज भंडारण तथा मिड डे मील की गुणवत्ता की जांच की। विद्यालय परिसर एवं रसोईघर की स्वच्छता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए अनाज सुरक्षित रखने तथा खराब पड़े झूलों को शीघ्र ठीक करवाने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों से की संवाद-
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षाओं में विद्यार्थियों से बातचीत की। इस दौरान एक छात्रा ने कलेक्टर बनने का सपना बताया, जबकि एक छात्र ने पुलिस विभाग में जाने की इच्छा व्यक्त की। एक बालिका ने बोर्ड पर पूछे गए प्रश्नों के सही उत्तर लिखे, जिस पर कलेक्टर ने उसकी सराहना की।
अन्य विद्यालयों का भी किया निरीक्षण-
इसके बाद कलेक्टर ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय आमलिखेड़ा का निरीक्षण कर मिड डे मील से संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय विरावली में गणित विषय की विशेष तैयारी करवाने तथा पुस्तकालय एवं वाचनालय नियमित रूप से संचालित रखने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य का भी दिया संदेश-
कलेक्टर ने सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों को गर्मी से बचाव, पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही कार्मिकों की उपस्थिति, अवकाश स्वीकृति, बोर्ड परीक्षा परिणाम, कक्षा-कक्षों की उपलब्धता, पुस्तकालय एवं प्रयोगशालाओं की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान साथ रहे जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार तेतरवाल को निर्देश दिए गए कि जिन विद्यालयों में कमियां पाई गई हैं, उनमें आगामी 15 दिवस में सुधार करवाकर पुनः निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करें।