मंदसौर। जिले के दूरस्थ ग्राम कुरावन स्थित आंगनवाड़ी भवन परिसर में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर अदिति गर्ग ने ग्रामीणों के बीच बिछात पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने चौपाल के दौरान एक-एक ग्रामीण से संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई।
इस दौरान बोर्ड परीक्षाओं की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि रात्रि चौपाल का उद्देश्य गांव स्तर पर ही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्राम में सकारात्मक वातावरण एवं विकास कार्यों की सराहना करते हुए पंचायत को स्थानीय समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
चौपाल में ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रारंभ करने, नवीन पंचायत भवन निर्माण, सड़कों की मरम्मत, नाली निर्माण, बिजली व्यवस्था सुधार, राजस्व ग्राम घोषित करने, बैंक सुविधा उपलब्ध कराने, स्व-सहायता समूहों को रोजगार से जोड़ने तथा सूक्ष्म सिंचाई परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन जैसी मांगें रखीं।
कलेक्टर ने सभी मांगों पर संबंधित अधिकारियों से मौके पर चर्चा कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से चर्चा कर टेक होम राशन का नियमित वितरण, कुपोषित बच्चों की पहचान कर एनआरसी में भर्ती कराने तथा आगामी सात दिनों में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित रहे।