नीमच। देश के अमर शहीदों के आत्मबलिदान को नमन करना तथा उनके परिजनों को सम्मान देना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। इसी भावना के साथ ग्रुप केंद्र सीआरपीएफ, नीमच द्वारा बुधवार को रामपुरा ग्राम निवासी वीर शहीद सिपाही बद्री प्रसाद के शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ज्ञात हो कि सीआरपीएफ की 122 बटालियन में पदस्थ शहीद बद्री प्रसाद ने 29 अप्रैल 2001 को जम्मू-कश्मीर के बड़गाम जिले के बीरवाह थाना क्षेत्र स्थित मालापुर गांव में आतंकवादियों से मुकाबला करते हुए मातृभूमि की रक्षा में सर्वाेच्च बलिदान दिया था।
शहादत दिवस पर उप महानिरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में कमांडेंट प्रमोद कुमार साहू, सहायक कमांडेंट रोहताश कुमार तथा सीआरपीएफ जवान शहीद के गृह निवास पहुंचे और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर शहीद बद्री प्रसाद की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, गणमान्य नागरिक एवं परिजनों की उपस्थिति में सीआरपीएफ अधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा दो मिनट का मौन रखकर वीर शहीद को नमन किया।
अधिकारियों ने शहीद परिवारजनों से भेंट कर उन्हें आश्वस्त किया कि वे सीआरपीएफ परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं तथा हर सुख-दुख में बल सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा। साथ ही परिवार को हरसंभव सहयोग और सहायता का भरोसा दिलाया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने वीर बलिदानी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके त्याग और बलिदान को राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत बताया।