भोपाल/नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के 33 लाख 45 हजार 231 हितग्राहियों को 200.71 करोड़ रुपये की पेंशन राशि सिंगल क्लिक के जरिए उनके बैंक खातों में अंतरित की।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा तथा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह सहित वरिष्ठ विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से मानसिक एवं बहु दिव्यांग हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि समाज कल्याण मेलों के माध्यम से जरूरतमंद हितग्राहियों को लगातार लाभ पहुंचाया जा रहा है।
नीमच स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, उप संचालक सामाजिक न्याय पराग जैन तथा पेंशन योजनाओं के हितग्राही एवं उनके परिजन उपस्थित थे।