चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष मानसिंह चूंडावत (जिला एवं सेशन न्यायाधीश) के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल तथा अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश अटल सिंह चांपावत द्वारा बुधवार को राजकीय सम्प्रेक्षण एवं किशोर गृह का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुल 12 शिशु एवं बालक-बालिकाएं उपस्थित पाए गए। न्यायिक अधिकारियों ने गृह में रह रहे बच्चों से संवाद कर उनकी व्यवस्थाओं एवं दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई एवं पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया, जो संतोषजनक पाई गईं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सुनील कुमार गोयल ने विधि से संघर्षरत बालकों को जमानत आवेदन प्रस्तुत करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए तथा बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए अच्छी पुस्तकें पढ़ने एवं उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित किया।
निरीक्षण के दौरान बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष प्रियंका पालीवाल, डॉ. अमित श्रीवास्तव, अधीक्षक चंद्रप्रकाश जीनगर तथा सम्प्रेक्षण गृह के कर्मचारी उपस्थित रहे।