नीमच। जिले के इंदिरा नगर क्षेत्र में एक महिला के अपने ही घर की छत पर बदहाल एवं अत्यधिक कुपोषित अवस्था में मिलने का मामला सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार महिला भीषण गर्मी में अपने घर की छत पर खाट पर पड़ी हुई मिली। अत्यधिक कुपोषण के कारण उसका शरीर गंभीर रूप से कमजोर एवं बदहाल अवस्था में था।
सूचना मिलने पर महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं की टीम मौके पर पहुंची और महिला का रेस्क्यू कर उसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया। आईसीयू में उपचार के बाद महिला को सेवाधाम केंद्र में शिफ्ट किया गया है।
मामले में संज्ञान लेते हुए मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक, नीमच से मामले की जांच कराकर की गई कार्यवाही का प्रतिवेदन एक सप्ताह में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।