नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल (मध्यप्रदेश) द्वारा चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान के तहत हेलमेट धारण नहीं करने वाले दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात सोनू बडगुर्जर एवं यातायात टीम द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई का विवरण-
अभियान के दौरान बिना हेलमेट पाए गए वाहन चालकों के विरुद्ध 109 चालान बनाए जाकर 15,300 रुपये समन शुल्क वसूला गया। वहीं, पांच ऐसे दोपहिया वाहन चालकों के विरुद्ध, जिन्होंने हेलमेट धारण नहीं किया था, उनके लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहन चालकों के विरुद्ध लगभग 90 चालान बनाए गए, जिनसे 62,900 रुपये समन शुल्क वसूला गया।
पुलिस की अपील-
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकने के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट धारण करें। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर चोट लगने के कारण अधिकांश मौतें हेलमेट न पहनने से होती हैं, जिसे जागरूकता से रोका जा सकता है।
जागरूकता अभियान-
यातायात पुलिस द्वारा हेलमेट पहनने के लिए जागरूकता अभियान चलाते हुए शहर में पम्पलेट वितरण किया गया तथा मोबाइल वाहन के माध्यम से पीए सिस्टम द्वारा आमजन को जागरूक किया गया।
यातायात पुलिस की अपील-
यातायात पुलिस ने अपील की है कि सभी नागरिक दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा चार पहिया वाहनों में लगी काली फिल्म स्वयं हटाएं। काली फिल्म पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि जनता का सहयोग ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था की आधारशिला है।