चित्तौड़गढ़। वंडर सीमेंट लिमिटेड, निम्बाहेड़ा द्वारा ‘नींव इनिशिएटिव’ के तहत संचालित सीएसआर कार्यक्रम अंतर्गत जिले के 15 राजकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास हेतु 2 करोड़ 61 लाख 25 हजार 600 रुपये की जन सहयोग राशि प्रदान की गई।
यह राशि श्रीचंद कृपलानी, विधायक निम्बाहेड़ा एवं पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री राजस्थान सरकार की अनुशंसा पर कंपनी के यूनिट हेड नितिन जैन द्वारा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा तथा अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समसा राजेंद्र कुमार शर्मा को चेक के माध्यम से सौंपी गई।
नितिन जैन ने बताया कि कंपनी द्वारा क्षेत्र के 13 राजकीय विद्यालयों तथा 2 कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इस सहयोग से विद्यालयों में कक्षा-कक्ष, बास्केटबॉल कोर्ट, शौचालय इकाइयां, स्वागत द्वार, डोम, पाथ-वे सहित अन्य आवश्यक निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होंगे।
उन्होंने कहा कि इन कार्यों से राजकीय विद्यालय उत्कृष्ट शिक्षा केंद्रों के रूप में विकसित होंगे। वंडर सीमेंट लिमिटेड द्वारा परियोजना क्षेत्र के विद्यालयों के उन्नयन के लिए शिक्षा विभाग को निरंतर सहयोग दिया जा रहा है।
कंपनी द्वारा एकलव्य ज्ञान केंद्रों को भी नियमित सहयोग दिया जा रहा है। इसके अलावा विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर, विद्युतीकरण, सीसीटीवी कैमरे, खेल मैदानों का विकास तथा पौधारोपण जैसे अनेक कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा ने शिक्षा विभाग की ओर से कंपनी प्रबंधन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वंडर सीमेंट लिमिटेड की सक्रिय भागीदारी, प्रतिबद्धता एवं तत्परता से क्षेत्र के राजकीय विद्यालयों में उल्लेखनीय और सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान शैक्षणिक सत्र में विद्यालयों के नामांकन में भी सराहनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो इस पहल की सफलता का प्रमाण है।