चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर द्वारा उपलब्ध कराई गई सचल विधिक सेवा केंद्र एवं मोबाइल लोक अदालत वाहन को बाल विवाह की रोकथाम तथा विधिक जानकारी के प्रचार-प्रसार हेतु बुधवार को रवाना किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश मान सिंह चूंडावत ने न्यायालय परिसर चित्तौड़गढ़ से हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया। इस दौरान प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश अटल सिंह चांपावत भी उपस्थित रहे।
प्राधिकरण सचिव सुनील कुमार गोयल ने बताया कि इस मोबाइल वैन के माध्यम से विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे जागृति स्कीम, संवाद स्कीम, डॉन स्कीम, मानव-वन्यजीव संघर्ष स्कीम, पीड़ित प्रतिकर स्कीम, विधिक सहायता, कानूनी सलाह, राष्ट्रीय लोक अदालत, साइबर फ्रॉड रोकथाम तथा अन्य विधिक जानकारियों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। साथ ही आमजन को कानूनी जानकारी से संबंधित पेम्पलेट्स भी वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मोबाइल वैन द्वारा ओछड़ी चौराहा, प्रतापनगर, सैंती, देहली गेट, रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, सुभाष चौक सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर विधिक सेवाओं का प्रचार किया जाएगा।
आगामी दिनों में यह मोबाइल वैन रावतभाटा, बेगूं, गंगरार, डूंगला, निम्बाहेड़ा, मंडफिया, भदेसर एवं बड़ीसादड़ी क्षेत्र के गांवों में पहुंचकर बाल विवाह रोकथाम एवं विधिक जागरूकता का संदेश देगी।