चित्तौड़गढ़। कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट के प्रकरण में पिछले आठ वर्षों से फरार चल रहे एक पिस्टल सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि वांछित, स्थायी वारंटी एवं फरार अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी बद्रीलाल राव के नेतृत्व में थानाधिकारी रामसुमेर द्वारा एएसआई सूरज कुमार, कांस्टेबल देवेंद्र, वीरेंद्र एवं सुमित की विशेष टीम गठित की गई थी।
मंगलवार को पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि आर्म्स एक्ट एवं हत्या के प्रयास के मामले में फरार आरोपी नितिन पंडित, जो वर्तमान में उदयपुर में रह रहा है, आज अपने घर नया बाजार आने वाला है।
सूचना पर एएसआई सूरज कुमार मय जाप्ता बस स्टैंड पहुंचे, जहां मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी में पुलिस साइबर सेल के एएसआई राजकुमार का भी विशेष योगदान रहा।
पुलिस ने आरोपी नितिन पिता राकेश उर्फ भैया पंडित, निवासी उदयपुर रोड धाकड़ मोहल्ला, हाल नया बाजार निम्बाहेड़ा को गिरफ्तार कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।