गरोठ/शामगढ़। मंदसौर जिले के शामगढ़ नगर में नकली घी बनाने और बेचने का बड़ा मामला सामने आया है। नगर के वार्ड क्रमांक 08 स्थित एक कॉलोनी के मकान में लंबे समय से अवैध रूप से नकली घी तैयार कर बाजार में खपाए जाने की जानकारी सामने आई है।
सूत्रों के अनुसार इस कारोबार से जुड़े लोग पहले दुकानदारों से यह जानकारी लेते हैं कि उन्हें किस कंपनी के नाम से घी चाहिए। इसके बाद इंदौर एवं अन्य क्षेत्रों से कच्चा माल मंगवाकर घर में ही नकली घी तैयार किया जाता है।
बताया जा रहा है कि तैयार माल को पैक कर स्कूटी और मोटरसाइकिल के माध्यम से विभिन्न दुकानों तक पहुंचाया जाता है। यह कार्य संगठित तरीके से किए जाने की बात सामने आ रही है तथा बड़ी मात्रा में नकली घी बाजार में सप्लाई किया जा रहा है। इस अवैध कारोबार से आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होने की आशंका जताई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में जिला खाद्य अधिकारी द्वारा शहर की कुछ छोटी दुकानों पर पहुंचकर खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए थे, लेकिन बड़े स्तर पर चल रहे इस कथित नकली घी कारोबार तक विभाग की पहुंच नहीं हो सकी। मामले की सत्यता की जांच एवं कार्रवाई के लिए प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग उठ रही है।