नीमच। एक मई से प्रारंभ होने वाले जनगणना चरण को लेकर गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर के चार्ज अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना संचालक ने सभी प्रगणकों को सही एचएलओ ऐप डाउनलोड कर तत्काल एंट्री कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी जनगणना पर्यवेक्षक 5 मई तक डाटा सिंक करने का कार्य शुरू करें। प्रगणकों को 5 मई तक 10 प्रतिशत तथा 10 मई तक 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण करना होगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में निर्देश दिए गए कि सभी चार्ज अधिकारी जनगणना पोर्टल पर स्वयं लॉगिन कर उसकी प्रक्रिया को अच्छी तरह समझ लें। ऐप लॉगिन संबंधी समस्याओं का समाधान चार्ज स्तर पर ही किया जाएगा। एक मई से सभी प्रगणक ऐप पर लॉगिन कर मकानों की एंट्री प्रारंभ करें।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश में सेल्फ एन्यूमरेशन का कार्य बेहतर रहा है। अब तक 5.80 लाख से अधिक सेल्फ एन्यूमरेशन फॉर्म भरे जा चुके हैं। सभी चार्ज अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में समय-समय पर भ्रमण कर जनगणना कार्य की समीक्षा करने के निर्देश भी दिए गए। वीसी में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, एडीएम बीएस कलेश, जिला जनगणना अधिकारी पराग जैन सहित सभी एसडीएम एवं चार्ज अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने निर्देश दिए कि प्रगणक एवं सुपरवाइजरों का अवकाश संबंधित चार्ज अधिकारी ही स्वीकृत करेंगे। जनगणना अवधि के दौरान चार्ज अधिकारियों का अवकाश कलेक्टर कार्यालय से स्वीकृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत सेल्फ एन्यूमरेशन कार्य पूर्ण करवाने वाले प्रगणकों को पुरस्कृत एवं प्रोत्साहित किया जाएगा।