चित्तौड़गढ़। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अपने सवा दो वर्ष के कार्यकाल में विकास, सुशासन और जनकल्याण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी है। प्रशासन को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के साथ भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, समयबद्ध निर्णय और योजनाओं की निगरानी को मजबूत किया गया है।
वे गुरुवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत ग्राम धीरजी का खेड़ा एवं गांगा गुढ़ा में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली, पानी तथा शहरी-ग्रामीण आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बड़े पैमाने पर विकास कार्यों के लिए बजट आवंटित कर नई परियोजनाएं शुरू की गई हैं। किसानों, पशुपालकों और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए भी कई प्रभावी निर्णय लिए गए हैं। चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि ग्राम रथ के माध्यम से कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं का मोबाइल एलईडी वैन के जरिए प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही साहित्य एवं प्रचार सामग्री वितरित कर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
गुरुवार को ग्राम रथ के धीरजी का खेड़ा एवं गांगा गुढ़ा पहुंचने पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान विधायक आक्या ने जनसुनवाई कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया।
इस अवसर पर विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा, तहसीलदार शिवसिंह, भदेसर ग्रामीण मंडल अध्यक्ष हीरालाल रायका, पूर्व सरपंच बगदीराम रायका, जीएसएस अध्यक्ष मंगलसिंह, उपसरपंच मुकेश गिरी, बूथ अध्यक्ष लक्ष्मणसिंह, पप्पूसिंह, गणपत जाट सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।