झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने बुधवार को जिले के डीजे संचालकों के साथ बैठक आयोजित कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना।
बैठक में जिले के विभिन्न डीजे संचालकों ने अपने रोजगार की निर्भरता को ध्यान में रखते हुए निर्धारित समय-सीमा में एवं कम डेसीबल स्तर पर डीजे संचालन की अनुमति प्रदान किए जाने की मांग रखी।
कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कहा कि वर्तमान में डीजे संचालन पर माननीय सर्वाेच्च न्यायालय की गाइडलाइन एवं राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रतिबंध लागू है। उन्होंने बताया कि यह बैठक डीजे संचालकों की समस्याओं एवं सुझावों को समझने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि डीजे संचालन से प्रभावित एवं आपत्ति जताने वाले वर्ग की भी बैठक आयोजित कर उनके सुझाव एवं समस्याएं सुनी जाएंगी। दोनों पक्षों की बातों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर संतुलित एवं व्यवहारिक समाधान के प्रयास किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह ने कहा कि वर्तमान में लागू प्रतिबंधों का पूर्णतः पालन किया जाना आवश्यक है तथा किसी भी प्रकार का उल्लंघन न किया जाए। उन्होंने कहा कि डीजे संचालकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनने और उनके समाधान हेतु यह संवाद आयोजित किया गया है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा जनसंवाद एवं चर्चा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया, डिप्टी कलेक्टर महेश बडोले, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थांदला भास्कर गाचले, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मेघनगर सुश्री अवनधती प्रधान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में डीजे संचालक उपस्थित रहे।