चित्तौड़गढ़। नगर परिषद के निवर्तमान सभापति संदीप शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट के खिलाफ कथित अमर्यादित बयानबाजी के विरोध में प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल का पुतला दहन किया तथा उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनसे सार्वजनिक माफी की मांग भी की।
इस अवसर पर निवर्तमान सभापति संदीप शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी विचारधारा रखने का अधिकार है, लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि को अपनी भाषा पर संयम रखना चाहिए और विपक्षी नेताओं पर अमर्यादित टिप्पणी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट कांग्रेस को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, और उनके बढ़ते जनाधार से घबराकर इस प्रकार की बयानबाजी की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह टिप्पणी भाजपा की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। साथ ही उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता मर्यादित और संयमित भाषा को पसंद करती है, इसलिए इस प्रकार की बयानबाजी का विरोध आवश्यक है।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर राधा मोहन दास अग्रवाल के खिलाफ विरोध दर्ज कराया और सार्वजनिक माफी की मांग की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुमंत सुवालका, जाकिर हुसैन, मंडल अध्यक्ष विजय चौहान, विजय चौधरी, विनोद लढ्ढा, निवर्तमान पार्षद कन्हैया लाल माली, अशोक वैष्णव, देवराज साहू, सुमित मीणा, संदीप सिंह शम्मी, राजू खटीक, अंकुश आदिवाल, राजेश चावला, महेंद्र राठौर, शैलेंद्र सिंह चुडावत, एनएसयूआई प्रदेश महासचिव अल्पेश गोस्वामी, विधानसभा अध्यक्ष आदित्य चावला, नगर अध्यक्ष अमन खान, ब्लॉक अध्यक्ष जय पारिक, रोहित बोरीवाल, पूर्व अंजुमन सदर मोहम्मद हारून, अंकुश जैन, संजय शर्मा, छवि देशबंधु, अजय गुर्जर, रफीक खान चंदेरिया, पंकज उपाध्याय, प्रदीप सेन, फिरोज खान, सद्दाम पठान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।