खरगोन। जिले के सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को छतरपुर स्थित श्री कृष्णा विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में मानद डॉक्टरेट उपाधि से सम्मानित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में कई गणमान्य अतिथियों की मौजूदगी ने आयोजन को और अधिक प्रेरणादायी बना दिया।
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तित्वों को मानद उपाधियां प्रदान की गईं। सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को सिकल सेल उन्मूलन और ‘नारी शक्ति वंदन’ जैसे सामाजिक अभियानों में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, भाजपा के वरिष्ठ नेता तपन भौमिक, छतरपुर विधायक ललिता यादव, मध्यप्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. प्रेम सिंह डेहरिया, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ब्रजेश सिंह गौतम, कुलगुरु डॉ. अमित कुमार जैन एवं कुलसचिव डॉ. दिंगत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह सम्मान न केवल सांसद के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है।