चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन एवं त्वरित समस्या समाधान का प्रभावी माध्यम बनता जा रहा है। इस अभियान के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर प्रशासन के प्रति विश्वास को मजबूत किया जा रहा है। ऐसा ही एक प्रेरणादायक उदाहरण कपासन विधानसभा क्षेत्र की राशमी पंचायत समिति अंतर्गत भीमगढ़ ग्राम पंचायत में देखने को मिला।
भीमगढ़ निवासी श्याम सुंदर सोनी ने अपने मकान के पैतृक पट्टे के लिए ग्राम रथ अभियान के दौरान आवेदन प्रस्तुत किया। आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए जिला कलक्टर डॉ. मंजू द्वारा ग्राम पंचायत सचिव को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रशासन की तत्परता के चलते आवेदन प्रस्तुत करने के कुछ ही समय बाद श्याम सुंदर सोनी को उनका पैतृक पट्टा मौके पर ही उपलब्ध करा दिया गया।
इस त्वरित कार्रवाई से आवेदक को तत्काल राहत मिली, वहीं ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और संतोष की भावना भी और अधिक मजबूत हुई। ग्रामीणों ने ग्राम रथ अभियान की सराहना करते हुए इसे आमजन के लिए लाभकारी एवं प्रभावी पहल बताया।
श्याम सुंदर सोनी ने राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम रथ अभियान वास्तव में ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहा है, क्योंकि इसके माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।