सतवास। नगर परिषद कांटाफोड़ में गुरुवार को एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बागली विधायक मुरली भंवरा सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संबल योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सैकड़ों पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करते हुए प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही हितग्राहियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई, जिससे कार्यक्रम में आत्मीयता का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक मुरली भंवरा ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार की मंशा है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और उनके जीवन स्तर में सुधार हो।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद द्वारा नागरिकों की सुविधा के लिए तीन वाटर कूलर मशीनों की व्यवस्था की गई। इनका शुभारंभ विधायक द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर किया गया। ये वाटर कूलर गांधी चौराहा, बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय एवं नगर परिषद कार्यालय में स्थापित किए जाएंगे, जिससे आमजन को ठंडे पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे और सभी ने इस पहल की सराहना की।