मंदसौर। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए मंदसौर पुलिस द्वारा 31 अप्रैल और 1 मई की दरमियानी रात व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन में 450 से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से जिलेभर में कार्रवाई की।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान थाना सीतामऊ पुलिस ने एम्बुलेंस से 22 कट्टों में भरे 3 क्विंटल 99 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा, एक देसी पिस्टल, दो जिंदा राउंड और एक खाली खोखा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
थाना दलौदा पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी स्थायी वारंटी जाबीर मुल्तानी को गिरफ्तार किया। थाना शामगढ़ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी वारंटी सुल्तानसिंह पिता मांगीलाल निवासी हरनावदा, जिला झालावाड़ को पकड़ा। वहीं थाना भानपुरा पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी जे.के. भील को गिरफ्तार किया।
अभियान के दौरान जिलेभर में कुल 106 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 56 स्थायी वारंटी और 44 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर, गुंडा और निगरानी बदमाशों की भी जांच की। कुल 95 बदमाशों की चेकिंग की गई।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 19 प्रकरण दर्ज कर 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा उनके कब्जे से 105.34 लीटर शराब, जिसकी कीमत 31,200 रुपये है, जब्त की गई। मंदसौर पुलिस ने कहा कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह की कठोर कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।