नीमच। शासकीय उचित मूल्य दुकानों में राशन वितरण में अनियमितता पाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो दुकानों पर कुल 3 लाख 80 हजार 383 रुपये का जुर्माना लगाया है। यह आदेश अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नीमच संजीव साहू के न्यायालय द्वारा पारित किया गया।
जांच में सामने आई गड़बड़ी-
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व संजीव साहू के निर्देशन में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी द्वारा शासकीय उचित मूल्य दुकान घसुण्डी जागीर एवं घसुण्डी बामनी की जांच की गई। जांच के दौरान राशन स्टॉक कम पाया गया, जिसके आधार पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए।
इतनी राशि का लगा जुर्माना-
न्यायालय द्वारा उचित मूल्य दुकान घसुण्डी जागीर पर 3 लाख 50 हजार 485 रुपये तथा उचित मूल्य दुकान घसुण्डी बामनी पर 29 हजार 898 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। दोनों दुकानों पर कुल 3 लाख 80 हजार 383 रुपये की दंडात्मक कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने दी चेतावनी-
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गरीबों के राशन में कटौती करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने सभी उचित मूल्य दुकान संचालकों को नियमानुसार एवं पूर्ण मात्रा में राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।