चित्तौड़गढ़। राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में संचालित ग्राम रथ अभियान के चौथे दिन जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत ग्राम रथों एवं कला जत्थों के माध्यम से ग्रामीणों को राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, जनहितकारी कार्यक्रमों एवं लाभकारी सेवाओं की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया गया।
ग्राम रथ अभियान के नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय पाठक ने बताया कि अभियान का संचालन जनप्रतिनिधियों की सक्रिय उपस्थिति एवं सहभागिता में किया जा रहा है, जिससे कार्यक्रमों को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है तथा ग्रामीणों में योजनाओं के प्रति सकारात्मक जागरूकता बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन तक योजनाओं की जानकारी सरल, प्रभावी एवं रोचक तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम रथों के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, कला जत्थों एवं संवाद कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। इन माध्यमों से ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के तहत शुक्रवार, एक मई को बड़ीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र की डूंगला पंचायत समिति अंतर्गत भाटोली बागरियान, नौगावा, चिकारड़ा, भाटोली गुजरान, नाडाखेड़ा एवं मोरवन ग्राम पंचायतों में ग्राम रथों एवं कला जत्थों द्वारा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र की चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति अंतर्गत गणेशपुरा, डगला का खेड़ा, धनेतकला, सतपुड़ा एवं घोसुण्डा ग्राम पंचायतों में भी ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
इसी प्रकार निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र की निंबाहेड़ा पंचायत समिति अंतर्गत डला किशनपुरा, कोटड़ीकला, बांगरेड़ा मामादेव, जलिया एवं गादोला ग्राम पंचायतों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं।
बेगूं विधानसभा क्षेत्र की गंगरार पंचायत समिति अंतर्गत जोजरों का खेड़ा, सुदरी, बुढ़, उण्डवा, सोनियाना एवं शादी ग्राम पंचायतों में भी ग्राम रथ अभियान के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। वहीं कपासन विधानसभा क्षेत्र की राशमी पंचायत समिति अंतर्गत बारू, रूद, बावलास, भाटोला की खेड़ी एवं मरमी ग्राम पंचायतों में कला जत्थों एवं ग्राम रथों के माध्यम से आमजन को योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
अभियान के दौरान हजारों ग्रामीणों ने सहभागिता निभाते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।