नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव चौकी इलाके में शुक्रवार को एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। जावद रोड स्थित एक मांगलिक भवन के बाहर 8 से 10 लोगों ने युवक को घेरकर लाठी-डंडों एवं धारदार हथियार से हमला किया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
भोजन कर बाहर निकला, तभी किया हमला-
घायल युवक की पहचान गांधी कॉलोनी, नयागांव निवासी तुलसीराम पिता नंदराम खारोल (36) के रूप में हुई है। घायल ने बताया कि वह शुक्रवार को जावद रोड स्थित एक मांगलिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में भोजन करने गया था। जैसे ही वह भवन से बाहर निकला, पहले से घात लगाए बैठे चेतन, अमित, विजय, अंकित, मदनलाल, प्रकाश, दिनेश, राजेश, मुकेश खटीक सहित अन्य लोगों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर-घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल नयागांव अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल नीमच रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका उपचार जारी है।
पुरानी रंजिश में हमला करने का आरोप-
तुलसीराम ने आरोप लगाया कि संबंधित लोगों ने उस पर पहले भी कई बार हमला किया है, जिसकी शिकायत उसने पुलिस थाने में की थी। उसके अनुसार नगर परिषद द्वारा दुकानों के बाहर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद से आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे और लगातार धमकियां दे रहे थे।
पुलिस ने शुरू की जांच-
घटना के बाद घायल एवं उसके परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने पर पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और घायल के बयान दर्ज किए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।