चित्तौड़गढ़। जिले के भीलगट्टी क्षेत्र में कुएं से मिले क्षत-विक्षत शव प्रकरण का भदेसर थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया गया था। पुलिस एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 28 अप्रैल 2026 को सूचना मिली थी कि भीलगट्टी गांव के बिहड़ क्षेत्र स्थित एक कुएं में शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सिविल डिफेंस टीम की मदद से शव बाहर निकलवाया। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होने से पहचान संभव नहीं थी।
जांच के दौरान जानकारी मिली कि भदेसर थाना क्षेत्र के लढेर गांव निवासी पप्पू भील (25) पिछले दो-तीन माह से लापता था। उसके माता-पिता का पूर्व में निधन हो चुका है, जबकि पत्नी डेढ़ वर्ष पूर्व मायके चली गई थी। परिवार में कोई साथ नहीं रहने से उसकी तलाश नहीं की जा रही थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सरिता सिंह एवं डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के निर्देशन में थानाधिकारी विनोद मेनारिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
वायरल वीडियो से खुला राज-
27 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक पप्पू भील की हत्या कर शव कुएं में डालने की बात स्वीकार करता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों से संपर्क कर हत्या, साक्ष्य नष्ट करने एवं आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया। शव का सांवलिया अस्पताल चित्तौड़गढ़ में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया तथा डीएनए सैंपल सुरक्षित रखे गए।
शराब के दौरान हुआ विवाद-
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक और आरोपी आपस में परिचित थे तथा अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। करीब साढ़े तीन महीने पहले शराब के दौरान मृतक पप्पू भील ने आरोपी दिनेश भोई का मोबाइल छिपा दिया था। मोबाइल वापस मांगने पर विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद हाथापाई शुरू हो गई। सके बाद आरोपियों ने लकड़ी के डंडे से पप्पू भील के सिर पर वार किए और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को पास के कुएं में फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपी-
पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों चांदमल उर्फ चांदू भील, कान्हा उर्फ किशन, दिनेश रावल को गिरफ्तार किया है। एक अन्य नामजद आरोपी की तलाश जारी है।
टीम की भूमिका-
कार्रवाई में भदेसर थाना पुलिस टीम के अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।