नीमच। जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत शुक्रवार, 1 मई 2026 से जिले में मकान सूचीकरण कार्य विधिवत प्रारंभ हो गया है। कलेक्टर एवं जिला जनगणना प्रमुख हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार प्रगणकों ने हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (भ्स्व्) ऐप के माध्यम से डिजिटल एंट्री शुरू कर दी है।
घर-घर पहुंचकर हो रहा डिजिटल सर्वे-
प्रगणक घर-घर जाकर मकानों का विवरण दर्ज कर रहे हैं। इस दौरान वे जनगणना पहचान पत्र एवं बैग के साथ मकानों की बाहरी दीवारों पर नंबरिंग कर रहे हैं तथा चूने से कोड अंकित कर रहे हैं।
समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित-
जिला प्रशासन ने प्रगणकों के लिए समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित किए हैं। 5 मई तक 10 प्रतिशत तथा 10 मई तक 40 प्रतिशत मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण करना अनिवार्य किया गया है। सभी पर्यवेक्षकों को 5 मई तक डाटा सिंक कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने की सहयोग की अपील-
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने नागरिकों से अपील की है कि वे जनगणना कार्य में प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी देकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यह कार्य शासन की भावी योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।