नीमच। जिले के ग्रामीण अंचलों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने नेटवर्क विहीन 10 गांवों में मोबाइल टावर स्थापित करने की सशर्त अनुमति जारी की है।
इन गांवों में लगेंगे टावर-
कलेक्टर द्वारा तहसील सिंगोली के ग्राम डाबडाकलां, कछाला, कोज्या, लुम्बा, थड़ोद, कुंथली, राणावत खेड़ा, कीरता, तहसील जीरन के ग्राम सोकड़ी तथा तहसील जावद के ग्राम कांस्या सुखानंद में मोबाइल टावर लगाने की अनुमति दी गई है।
नेटवर्क समस्या से मिलेगा छुटकारा-
इन गांवों में मोबाइल नेटवर्क उपलब्ध नहीं होने से ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और व्यापारियों को संचार, ऑनलाइन शिक्षा, बैंकिंग एवं शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती थी। टावर लगने के बाद 4G नेटवर्क सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
कलेक्टर के निर्देश-
कलेक्टर चंद्रा ने निर्देश दिए हैं कि टावर स्थापना का कार्य सभी आवश्यक स्वीकृतियों के बाद नियमानुसार किया जाए। उन्होंने कहा कि टावर से यातायात, विद्युत व्यवस्था या अन्य किसी सिस्टम पर प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए तथा किसी भी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित कंपनी जिम्मेदार होगी।
डिजिटल इंडिया को मिलेगा बढ़ावा-
जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल इंडिया मिशन को गति देगी और अंतिम छोर तक बेहतर संचार सुविधा पहुंचाने में सहायक होगी। सिंगोली तहसील के धारड़ी गांव में टावर स्थापना का प्रकरण अभी प्रक्रियाधीन है।