चित्तौड़गढ़। जिले में चल रहे एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान को तेजी मिल रही है। जिला कलक्टर डॉ. मंजू द्वारा अभिभावकों से बालिकाओं के टीकाकरण हेतु की गई अपील के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार को एक ही दिन में 306 बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई। जिले में अब तक कुल 1425 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस टीकाकरण का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की वे बालिकाएं, जो अभी तक टीकाकरण से वंचित हैं, वे सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु अपने निकटतम जिला चिकित्सालय, उप जिला चिकित्सालय अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर एचपीवी टीका अवश्य लगवाएं।
उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन सामान्यतः बाजार में लगभग 4 से 5 हजार रुपए की लागत से उपलब्ध होती है, जबकि चिकित्सा विभाग द्वारा संचालित इस विशेष अभियान के तहत बालिकाओं को यह टीका निशुल्क लगाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ बालिका ही सशक्त समाज की आधारशिला है तथा एचपीवी टीकाकरण बालिकाओं के सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।