उज्जैन। कांग्रेस नेत्री रीना बोरासी द्वारा लगाए गए आरोपों पर भाजपा नेता डॉ. चिंतामणि मालवीय ने कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह असत्य, तथ्यहीन और भ्रामक हैं।
डॉ. मालवीय ने कहा कि वर्तमान में उनके खिलाफ किसी भी प्रकार की जांच या आरोप लंबित नहीं हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे किसी 70 वर्षीय महिला को नहीं जानते जिनकी जमीन हड़पने का आरोप उन पर लगाया गया है। उनके अनुसार, आरोप लगाने वालों को अपने दावों के समर्थन में तथ्य और प्रमाण प्रस्तुत करने चाहिए।
उन्होंने बताया कि वे रीना बोरासी के खिलाफ मानहानि और आपराधिक मामला न्यायालय में दर्ज कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए इस प्रकार के स्तरहीन आरोप लगाए जा रहे हैं।