रतलाम। जिले के नामली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। हादसे में घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और उन्होंने फोरलेन पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो वे सड़क पर ही अंतिम संस्कार करेंगे।
घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे पलदूना फंटे के पास हुई। मुकेश कुमावत (50) अपने अंकल मांगीलाल कुमावत के साथ स्कूटी से फोरलेन पार कर रहे थे, तभी एक अन्य व्यक्ति भी सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान रतलाम की ओर से आ रही ‘मप्र पुलिस’ लिखी काले रंग की कार ने तीनों को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया।
हादसे में घायल सभी लोगों को रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। गंभीर रूप से घायल मुकेश कुमावत को इंदौर रेफर किया गया, जहां शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही नामली के ग्रामीण बड़ी संख्या में फोरलेन पर एकत्र हो गए और धरना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर लकड़ियां और कंडे रखकर अंतिम संस्कार की तैयारी भी कर ली, जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। पुलिस और ग्रामीणों के बीच समझाइश जारी है, जबकि लोग शव के पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने टोल कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। उन्होंने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा।