इंदौर। जिंसी इलाके में प्रस्तावित रोड का काम अब जल्द शुरू होगा। यहां नाले पर पुल बनाने का काम तो शुरू हो गया है, इसके आगे बढ़ते ही रोड का काम भी शुरू हो जाएगा। शनिवार सुबह महापौर पुष्यमित्र भार्गव यहां काम की स्थिति देखने पहुंचे और लोगों से बातचीत की।
यहां रोड के काम के चलते कई लोगों ने पहले ही स्वेच्छा से अतिक्रमण हटा लिए हैं, जिन्होंने नहीं हटाए हैं उन्हें तीन दिन का समय दिया गया है। दरअसल, शहर के भविष्य को देखते हुए सड़कों के मजबूत नेटवर्क पर खासा ध्यान दिया जा रहा है।
महापौर ने कहा कि साल 2023 के मास्टर प्लान के तहत शहर के बीच की प्रमुख सड़कें समय पर बनकर तैयार हों ये बहुत जरूरी है। जिंसी से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक बनने वाली रोड का काम जल्द शुरू किया जाएगा। नाले पर पुल बनाने का काम शुरू हो चुका है, इसके आगे बढ़ते ही रोड का काम भी शुरू हो जाएगा।
हवासियों को बताया महत्व
महापौर ने यहां के रहवासियों से बात की। उन्हें सड़क परियोजना के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने रहवासियों से अपील की है कि वे स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटाएं, ताकि काम में कोई दिक्कत ना आए। हालांकि कई लोगों ने स्वेच्छा से अपने निर्माण हटाने की सहमति भी दी।
तीन दिन का दिया समय, फिर होगी कार्रवाई
जिन लोगों ने अभी तक निर्माण नहीं हटाए हैं, उन्हें तीन दिन का समय दिया गया है। इसके बाद नगर निगम की टीम यहां पर जरूरी कार्रवाई करते हुए बाधाओं को हटाने का काम करेगी, ताकि प्रस्तावित सड़क योजना को सुचारू रूप से शुरू किया जा सके। महापौर के साथ अपर आयुक्त, पार्षद, एमआईसी मेंबर राजेंद्र राठौर, अश्विनी शुक्ल सहित कई लोग मौजूद थे।