मंदसौर। भानपुरा थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत कार्रवाई करते हुए 11 फरवरी से लापता 16 वर्षीय नाबालिग को महाराष्ट्र के पुणे से सुरक्षित बरामद किया है। पुलिस ने अपहरण के आरोपी 5 हजार रुपये के इनामी युवक जेकी (21) को भी गिरफ्तार किया है।
250 सीसीटीवी और तीन राज्यों में तलाश-
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने करीब 250 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर तीन राज्यों में तलाश अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र में कई स्थानों पर दबिश दी।
11 फरवरी को हुई थी गुमशुदगी दर्ज-
11 फरवरी 2026 को ग्राम गुलाब नगर (कैथुली) निवासी महिला ने अपनी 16 वर्षीय बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजनों ने आरोपी जेकी पिता मंगल उर्फ मंगा भील पर बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई थी। इस पर भानपुरा पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुणे के इंडस्ट्रियल एरिया से पकड़ा आरोपी-
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग को लेकर पुणे के एक इंडस्ट्रियल एरिया में छिपा है। इसके बाद टीम ने वहां पहुंचकर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर नाबालिग को सुरक्षित मुक्त कराया।
बालिका से पूछताछ जारी-
फिलहाल महिला पुलिस अधिकारी नाबालिग से पूछताछ कर रही हैं। इसके बाद बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की प्रक्रिया पूर्ण कर बालिका को परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ने बताया कि बयान के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।