नीमच। शिक्षा की आस लेकर दूर-दराज गांवों से नीमच आई छात्राएं इन दिनों आवास संकट का सामना कर रही हैं। स्कीम नंबर- 36 स्थित पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास में चल रहे रिनोवेशन कार्य के कारण छात्राओं के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
परीक्षाओं के बीच बढ़ी परेशानी-
छात्रावास में पर्याप्त जगह नहीं होने से छात्राएं परेशान हैं। इसी बीच उनकी परीक्षाएं भी जारी हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। सिंगोली, रतनगढ़, कंजार्ड़ा, रामपुरा सहित ग्रामीण क्षेत्रों से आई छात्राएं नीमच के विभिन्न कॉलेजों में अध्ययनरत हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाली इन छात्राओं के लिए रोजाना लंबी दूरी तय कर कॉलेज पहुंचना कठिन हो रहा है।
कलेक्टर से लगाई गुहार-
अपनी समस्या लेकर छात्राएं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के पास पहुंचीं और स्थिति से अवगत कराया। छात्राओं ने मांग की कि जब तक छात्रावास का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक उन्हें किसी अन्य छात्रावास या वैकल्पिक व्यवस्था में ठहराया जाए।
जल्द समाधान का आश्वासन-
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने छात्राओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। अब छात्राओं की नजरें प्रशासनिक निर्णय पर टिकी हैं।