नीमच। अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उज्जैन संभाग के सभी जिलों में उपार्जन एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभागायुक्त आशीष सिंह, सभी जिलों के कलेक्टर एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
उपार्जन संबंधी निर्देश-
डॉ. राजौरा ने उपार्जन प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए किसानों के भुगतान को निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार किसानों को समय पर भुगतान किया जाए। साथ ही सभी उपार्जन केंद्रों पर पेयजल एवं छांव की पर्याप्त व्यवस्था करने तथा संबंधित अधिकारियों को केंद्रों का सतत निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
पेयजल व्यवस्था पर जोर-
ग्रीष्मकाल को देखते हुए अपर मुख्य सचिव ने पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेयजल की नियमित सैंपलिंग कर गुणवत्ता जांच की जाए। सभी जलाशयों की लगातार मॉनिटरिंग करने, तकनीकी कारणों से बंद नल-जल योजनाओं को तत्काल चालू कराने तथा आवश्यकता पड़ने पर निजी जलस्रोतों का अधिग्रहण कर पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
नीमच जिले से अधिकारी शामिल-
बैठक में नीमच जिले से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत सीईओ अमन वैष्णव, एडीएम बीएस कलेश, जिला आपूर्ति अधिकारी, पीएचई विभाग के अधिकारी तथा सभी सीएमओ उपस्थित रहे।