नीमच। टैगोर मार्ग स्थित विद्युत कार्यालय क्रमांक- 40 के पीछे बने जर्जर मूत्रालय को लेकर मामला तूल पकड़ने लगा है। राष्ट्रीय हिंदू युवा वाहिनी ने कलेक्टर हिमांशु चंद्रा को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि उक्त मूत्रालय लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। यहां न तो नियमित साफ-सफाई होती है और न ही सुरक्षा के लिए बाउंड्री वॉल है। इसके कारण आसपास गंदगी बनी रहती है तथा असामाजिक तत्वों द्वारा खुले में मूत्र त्याग एवं अन्य अशोभनीय गतिविधियां की जाती हैं।
धार्मिक स्थलों के सामने बना है मूत्रालय-
संगठन ने बताया कि मूत्रालय के सामने भगवान श्रीराम मंदिर एवं दिगंबर जैन समाज का धार्मिक स्थल स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं एवं परिवार दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में यह स्थिति धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है।
महिला सुरक्षा पर भी जताई चिंता-
बाउंड्री वॉल नहीं होने से महिलाओं को यहां से गुजरते समय असहजता का सामना करना पड़ता है। संगठन ने इसे महिला सुरक्षा से भी जुड़ा मुद्दा बताया है।
प्रवेश द्वार बदलने की मांग-
ज्ञापन में मांग की गई है कि जर्जर मूत्रालय को तत्काल हटाया जाए। यदि नया मूत्रालय बनाया जाए तो उसका प्रवेश द्वार टैगोर मार्ग की ओर रखा जाए, ताकि धार्मिक स्थलों की गरिमा और क्षेत्र की स्वच्छता बनी रहे। इस संबंध में संगठन ने नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया से भी चर्चा कर समस्या से अवगत कराया है। अधिकारियों ने उचित व्यवस्था का आश्वासन दिया है।