नीमच। जावद थाना क्षेत्र के ग्राम सुवाखेड़ा में एक युवक द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का मामला सामने आया है। उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार सुवाखेड़ा निवासी नितिन पाटीदार (28) पिता मुकेश पाटीदार ने शनिवार सुबह घर पर अज्ञात जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और लगातार उल्टियां होने लगीं।
परिजनों ने तत्काल उसे नीमच के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी हालत गंभीर बनी रही और बाद में मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक आईटीआई का छात्र था और बीती रात ही अहमदाबाद से घर लौटा था।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल जहरीला पदार्थ सेवन करने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। घटना के बाद गांव एवं परिवार में शोक का माहौल है।