चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत भूपालसागर थाना पुलिस एवं जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक ब्रेजा कार से 261.65 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा तथा 50 ग्राम अफीम जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
नाकाबंदी देख भागी कार-
एएसपी सरिता सिंह एवं डीएसपी कपासन हरजीलाल यादव के निर्देशन में थानाधिकारी घेवरचंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बबराणा-रडियारडी रोड पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक ब्रेजा कार पुलिस को देखकर भागने लगी। पीछा कर वाहन को घेराबंदी कर रोका गया। कार चालक को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि खलासी सीट पर बैठा एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
14 कट्टों में मिला डोडा चूरा-
वाहन की तलाशी लेने पर 14 प्लास्टिक कट्टों में कुल 261.65 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा एवं 50 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने चालक कल्लाराम गोदारा (32) निवासी बायतु, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
सूचना देने की अपील-
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत निकटतम थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन पर दें।