प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F(1) में अवैध कमाई से अर्जित करीब 2.50 करोड़ रुपये की संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि आरोपी जमशेद खान उर्फ सेठ लाल्ला निवासी देवल्दी की चल-अचल संपत्तियों की जांच के बाद फ्रीजिंग प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी को भेजा गया था। स्वीकृति मिलने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आलीशान मकान पर कसा शिकंजा-
थाना अरनोद पुलिस द्वारा की गई जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध कमाई से गांव देवल्दी में आलीशान मकान बनवाया, जिसकी बाजार कीमत करीब 2.50 करोड़ रुपये आंकी गई है।
एमडी ड्रग फैक्ट्री से जुड़ा मामला-
मामले की शुरुआत 30 मार्च 2026 को हुई, जब रतलाम जिले के पिपलोदा थाना क्षेत्र में एक पोल्ट्री फार्म पर दबिश देकर पुलिस ने 200 ग्राम एमडी ड्रग, 900 ग्राम केमिकल पाउडर, विभिन्न रसायन और उपकरण जब्त किए थे। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
तस्करी में सक्रिय था आरोपी-
जांच में सामने आया कि आरोपी जमशेद खान लंबे समय से एमडी, ब्राउन शुगर और डोडाचूरा तस्करी में सक्रिय था। उसके पास आय का कोई वैध स्रोत नहीं मिला, बावजूद इसके उसने करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर ली।
संपत्ति पर लगाए बोर्ड-
पुलिस ने फ्रीज की गई संपत्ति पर बोर्ड लगाकर स्पष्ट संदेश दिया है कि अवैध कमाई से अर्जित संपत्ति अब कानून के शिकंजे में है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई-
प्रतापगढ़ पुलिस ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करों और उनके सहयोगियों के खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।