चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्राम रथ अभियान जिले में निरंतर जारी है। शनिवार को जिले की पांचों विधानसभाओं में ग्राम रथों द्वारा गांव-गांव पहुंचकर आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान लगभग 25 हजार से अधिक ग्रामीणों ने ग्राम रथ एवं कल्ला जत्था के माध्यम से योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
सीईओ जिला परिषद एवं नोडल अधिकारी विनय पाठक ने बताया कि बड़ी सादड़ी विधानसभा क्षेत्र में मंगलवाड़, ईडरा, नेगड़िया, नपावली, संगेसरा, लोठियाना एवं पालोद में कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को जागरूक किया गया। वहीं, चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र में नेतावल महाराज, तुम्बड़िया, ओडुंद एवं कश्मोर में ग्राम रथ के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या ने आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
निंबाहेड़ा विधानसभा में बरड़ा, केली, बाड़ोली घाटा, मांगरोल एवं भावलिया गांवों में ग्राम रथ पहुंचा। बेगूं विधानसभा क्षेत्र में गंगरार पंचायत समिति के मंडपिया, रघुनाथपुरा, साडास, तुम्बड़िया एवं बेगूं पंचायत समिति के गोपालपुरा में कार्यक्रम आयोजित हुए। इसी प्रकार कपासन विधानसभा क्षेत्र के पहुना, लसाड़िया कलां, रेवाड़ा, सांखली एवं सोमी में भी ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और आमजन को योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं को मौके पर सुना एवं समाधान का प्रयास किया गया। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि सरकारी सेवाओं का लाभ ग्रामीणों को सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से मिले।
इस दौरान संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं ब्लॉक स्तरीय में विकास अधिकारी, कृषि विभाग के डॉ. शंकर लाल जाट सहित अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन मौजूद रहे।