उज्जैन। बीते एक हफ्ते से उज्जैन में तापमान 40 डिग्री के ऊपर बना हुआ है। ऐसे में लोग जरुरी कामों के लिए ही घरों से निकल रहे हैं। हीट वेव के बाद भी महाकाल के भक्तों की श्रद्धा कम नहीं हुई। इतनी भीषण गर्मी में भी महाकाल मंदिर में रोजाना एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
इन भक्तों को गर्मी से बचाने के लिए महाकाल मंदिर समिति ने पहली बार महाकाल लोक में फोगिंग सिस्टम लगाया है। फिलहाल इसको मानसरोवर से त्रिनेत्र तक डेमो के रूप में इंस्टाल करवाया गया है। अगर ये कारगर रहा तो पूरे महाकाल लोक और मंदिर परिसर में भी इसे लगाने की योजना है।
श्रद्धालुओं को 900 मीटर पैदल चलना पड़ता
दरअसल त्रिवेणी से मानसरोवर तक करीब 900 मीटर तक भीषण गर्मी में श्रद्धालुओ को पैदल चलना पड़ता है। इसके लिए मंदिर समिति ने पहले से मेट, धूप से बचने के लिए शामियाने और पेयजल के लिए वाटर कूलर की व्यवस्था तो की है, लेकिन इसके बाद भी गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं को ठंडक देने के लिए फोगिंग की व्यवस्था की गई है। अब श्रद्धालुओं के ऊपर पानी की बौछार पड़ रही हैं, जिससे उन्हें ठंडक मिल रही है। श्रद्धालु मंदिर की इस व्यवस्था से खुश भी नजर आए।
महाकाल मंदिर के सहायक प्रशासक आशीष पलवड़िया ने बताया कि टेंट, पेयजल, कार्पेट की व्यवस्था पहले से थी। अब डेमो के रूप में फोगिंग शुरू किया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो इसे बढ़ाकर पूरे महाकाल लोक में इंस्टाल करवाया जाएगा।