नीमच/रामपुरा। शनिवार का दिन नीमच जिले के हादसों से भरा रहा। नीमच-झालावाड़ मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर हुए दो भीषण सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। एक हादसे में श्रद्धालुओं से भरा तूफान वाहन पलट गया, वहीं दूसरे हादसे में तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। घटनाओं के बाद क्षेत्र में शोक और अफरा-तफरी का माहौल रहा।
मन्नत पूरी कर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन पलटा-
पहला हादसा शनिवार दोपहर करीब 2 बजे बैंसला घाट स्थित पटेल श्री होटल के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, गायरी गुर्जर समाज के लोग मनासा तहसील के सावन कुंड गांव में आयोजित मन्नत कार्यक्रम में शामिल होकर मंदसौर जिले के भानपुरा तहसील अंतर्गत ग्राम अंतरालिया लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार तूफान वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
वाहन चालक और एक महिला की मौत-
हादसे में वाहन चालक भारत चौहान (40) और सोहन बाई (55) की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन पलटते ही चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला।
सात घायल, दो मासूम भी शामिल-
हादसे में कुल सात लोग घायल हुए, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल रामपुरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। एक गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद नीमच जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य पांच घायलों का उपचार रामपुरा में जारी है।
एंबुलेंस देरी से पहुंचने पर नाराजगी-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सूचना के बाद एंबुलेंस देर से मौके पर पहुंची, जिससे घायलों को अस्पताल पहुंचाने में काफी परेशानी हुई। स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल भिजवाया।
दूसरा हादसा- पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर
वहीं शनिवार को ही दूसरा हादसा बैसला और बुज गांव के बीच हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चालक कृष्ण कहार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ बैठी नानू बाई कहार गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार दोनों बाइक से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे, तभी पशु आहार से लदा तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर बाइक से जा भिड़ा। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी-
दोनों घटनाओं की सूचना मिलते ही रामपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात सुचारू कराया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों हादसों के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शनिवार को हुए इन दो दर्दनाक हादसों ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर यातायात सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।