नीमच। ‘लाड़ली लक्ष्मी उत्सव’ के अवसर पर शनिवार को नीमच जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशन में केंद्रों को आकर्षक रूप से सजाया गया तथा लाड़ली बेटियों और उनके अभिभावकों का सम्मान किया गया।
परियोजना नीमच शहरी का मुख्य कार्यक्रम विधायक दिलीप सिंह परिहार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत लाड़ली बेटियों को तिलक लगाकर स्वागत के साथ हुई। विधायक परिहार ने बालिकाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
प्रमाण-पत्रों का वितरण-
इस अवसर पर नव पंजीकृत लाड़ली लक्ष्मी बालिकाओं को योजना के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को शिक्षा के महत्व तथा बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम को लेकर जागरूक किया।
बेटियों ने संभाला मंच संचालन-
कार्यक्रम का संचालन लाड़ली लक्ष्मी बालिका तनुश्री पाठक ने किया। वहीं लाड़ली लक्ष्मी संगठन की अध्यक्ष बालिका पूर्वी ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। उत्सव के दौरान बेटियों ने गीत, संगीत, कविता एवं अन्य रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने बताया कि जिले में लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ पात्र बालिकाओं तक सुगमता से पहुंचाया जा रहा है। आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से बेटियों के स्वास्थ्य एवं शिक्षा स्तर को बेहतर बनाने का कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपस्थित माताओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना 2.0 के नए प्रावधानों की भी जानकारी दी गई, ताकि वे अपनी बेटियों की उच्च शिक्षा के सपनों को साकार कर सकें। अंत में प्रभारी परियोजना अधिकारी दीपिका नामदेव ने आभार व्यक्त किया। जिलेभर के आंगनवाड़ी केंद्रों पर हर्षाेल्लास के साथ उत्सव मनाया गया।