खरगोन। ओंकारेश्वर दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार की कार में अचानक आग लग गई। घटना खरगोन जिला के बड़वाह स्थित महेश्वर रोड पर ग्राम किठूद के पास शनिवार दोपहर करीब 1ः45 बजे हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र निवासी हार्दिक भट्ट अपने परिवार के साथ ओंकारेश्वर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान चलती कार से अचानक आगे की ओर धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को रोका और कार में सवार 2 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
कुछ ही पलों में कार ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना स्थल के पास स्थित ईंट भट्ठा संचालक मोनू प्रजापत और उनके साथियों ने मौके पर पहुंचकर कार से सामान निकालने और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
इसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।
गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल गए और कोई जनहानि नहीं हुई।