नीमच। शहर के केंट क्षेत्र स्थित सांदीपनि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षाओं की गंभीर कमी के कारण नए विद्यार्थियों को प्रवेश देने में परेशानी हो रही है, वहीं शैक्षणिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। इसका सबसे अधिक असर निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के जरूरतमंद और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों पर पड़ रहा है।
विद्यालय वर्ष 2022-23 से राज्य शासन की महत्वाकांक्षी सीएम राइज (वर्तमान सांदीपनि योजना) के तहत संचालित हो रहा है, जहां कक्षा 1 से 12वीं तक अध्ययन कराया जाता है। वर्तमान में विद्यालय में करीब 800 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। निर्धारित मानकों के अनुसार विद्यालय को 57 कक्षों की आवश्यकता है, जबकि परिसर में मात्र 24 अध्ययन कक्ष ही उपलब्ध हैं।
प्रयोगशाला और पुस्तकालय में लग रहीं कक्षाएं-
कक्षों की कमी के चलते विद्यालय में प्रयोगशाला, पुस्तकालय और कॉरिडोर में अस्थायी रूप से कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इससे अध्ययन व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा प्रयोगशाला एवं पुस्तकालय जैसे महत्वपूर्ण संसाधनों का समुचित उपयोग भी नहीं हो पा रहा है।
अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं बंद-
जानकारी के अनुसार स्थिति इतनी गंभीर है कि कक्षा 6 से 10 तक की अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं बंद करनी पड़ी हैं। वहीं केजी-1 और केजी-2 की कक्षाएं भी शुरू नहीं हो सकी हैं। हायर सेकेंडरी स्तर पर नए विषय शुरू करने की योजना भी कक्षों के अभाव में अटकी हुई है।
200 से अधिक आवेदन लंबित-
विद्यालय के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और विविध गतिविधियों के कारण बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों का प्रवेश कराना चाहते हैं। वर्तमान सत्र में 200 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, लेकिन कक्षों की कमी के चलते नए प्रवेश देना संभव नहीं हो पा रहा है।
6 अतिरिक्त कक्षों की तत्काल आवश्यकता-
विद्यालय में कम से कम 6 अतिरिक्त कक्षों का निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें और शिक्षण व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके। स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन से अपेक्षा है कि इस समस्या के समाधान के लिए शीघ्र ठोस पहल की जाए। नगरपालिका के शिक्षा उपकर मद से भी कक्ष निर्माण कराया जा सकता है। नए भवन निर्माण में समय लगने की संभावना को देखते हुए फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था आवश्यक मानी जा रही है।