नीमच। ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा ब्लॉक जावद के ग्राम बरखेड़ा कामलिया में नदियों के पुनर्जीवन हेतु सामूहिक श्रमदान एवं साफ-सफाई अभियान चलाया गया। प्रस्फुटन समिति, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के परामर्शदाता एवं विद्यार्थियों द्वारा ग्राम बरखेड़ा कामलिया स्थित राम जानकी मंदिर के पास बहने वाले खाल की साफ-सफाई की गई। अभियान का उद्देश्य वर्षा जल के अविरल प्रवाह को सुनिश्चित कर नदी तंत्र को पुनर्जीवित करना है।
उत्साह से जुड़े ग्रामीण और विद्यार्थी-
श्रमदान कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के परामर्शदाता, ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी ने मिलकर खाल से कचरा, झाड़-झंखाड़ और अन्य अवरोध हटाए।
जल संरक्षण का संदेश-
अभियान के तहत जिले में जल संरचनाओं के संरक्षण, संवर्धन एवं पुनर्जीवन कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। जनभागीदारी से हो रहे इन प्रयासों से भू-जल स्तर में वृद्धि होगी तथा भविष्य में जल संकट से निपटने में मदद मिलेगी। जन अभियान परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास की जल संरचनाओं की स्वच्छता एवं संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।