नीमच। नारद जयंती एवं विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था कृति द्वारा शनिवार, 3 मई को रात्रि 8 बजे शिक्षक सहकार भवन में ‘मेरा जीवन मेरे अनुभव’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार मुकेश सहारिया एवं कपिल सिंह चौहान पत्रकारिता के क्षेत्र में अपने जीवन अनुभव साझा करेंगे। कार्यक्रम में स्वतंत्रता पूर्व मिशन के रूप में शुरू हुई पत्रकारिता से लेकर वर्तमान दौर में उसके व्यवसायिक स्वरूप तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के बदलते परिदृश्य पर भी चर्चा होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षक गृह निर्माण सहकारी समिति के अध्यक्ष राधेश्याम पाटीदार करेंगे।
यह जानकारी कृति के प्रचार सचिव कृष्ण कुमार शर्मा एवं कार्यक्रम संयोजक शरद पाटीदार ने दी। उन्होंने नगर के सुधी श्रोताओं से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।