चित्तौड़गढ़। मादक पदार्थों से अर्जित संपत्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी की 12,30,778 रुपये से अधिक की संपत्ति फ्रीज कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन तथा डीएसपी भदेसर विनोद कुमार लाखेरा के नेतृत्व में थानाधिकारी भादसोड़ा महेन्द्र सिंह द्वारा की गई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई-
पुलिस ने आरोपी सुरेश चन्द्र जाट, निवासी कुंथना, थाना भादसोड़ा के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत प्रकरण बनाकर सक्षम प्राधिकारी SAFEMA/NDPS, नई दिल्ली को इस्तगासा भेजा था। आदेश मिलने के बाद आरोपी की संपत्ति को फ्रीज किया गया।
दो बड़े मामलों में शामिल-
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि वर्ष 2011 में मंगलवाड़ थाना पुलिस द्वारा एक इंडिगो कार से 68 किलो अफीम डोडाचूरा जब्त किया गया था, जिसमें आरोपी की संलिप्तता पाई गई थी। इसके अलावा वर्ष 2022 में भादसोड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से 798 किलो अफीम डोडाचूरा जब्त किया था, जिसमें भी आरोपी की भूमिका सामने आई थी।
संपत्ति फ्रीज-
जांच में सामने आया कि आरोपी ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से संपत्ति अर्जित की थी। इसके तहत पुलिस ने उसकी ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल, स्कूटी एवं बैंक खातों को फ्रीज किया है।
68F एनडीपीएस एक्ट क्या है?
इस धारा के तहत अवैध मादक पदार्थों के व्यापार से अर्जित संपत्ति को जब्त या फ्रीज किया जाता है, ताकि अपराध से अर्जित संपत्ति का उपयोग आगे न किया जा सके।
पुलिस की सख्त चेतावनी-
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मादक पदार्थ तस्करी में शामिल अपराधियों की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।